साहिबगंज। साहिबगंज के बोरियो थाना क्षेत्र के मोतीपहाड़ी गांव के जाहेर स्थान मुस्लिम टोला के पास सोमवार सुबह एक महिला का सड़ा-गला शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान सोगले गांव निवासी 28 वर्षीय मयबिटी मुर्मू के रूप में हुई है, जो शुक्रवार से लापता थी। सोमवार को उसका शव संदिग्ध हालत में बरामद हुआ।
पति ने दो साल पहले छोड़ दिया था, मायके में रह रही थी
मयबिटी मुर्मू की शादी बरमसिया गांव निवासी गुरु हेम्ब्रम से हुई थी, लेकिन दो साल पहले पति ने उसे छोड़ दिया था। तब से वह अपने मायके सोगले टोला में रह रही थी। ग्रामीणों के अनुसार, गुरु हेम्ब्रम पिछले डेढ़ साल से बाहर प्रदेश में काम कर रहा है।
तीन बच्चों की मां थी मयबिटी
मृतका के तीन बच्चे हैं—दो बेटे और एक बेटी। तीनों बरमसिया गांव में अपने दादा-दादी के पास रहते हैं। शव मिलने के बाद पुलिस ने उसे पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।
परिजनों ने जताई हत्या की आशंका, पुलिस जांच में जुटी
मयबिटी के परिजनों ने शव देखकर हत्या की आशंका जताई है। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद से गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है, और लोग इस रहस्यमयी मौत के पीछे की सच्चाई जानने की मांग कर रहे हैं।