मॉरीशस ने पीएम मोदी को दिया सर्वोच्च सम्मान, भारत-मॉरीशस संबंधों को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का संकल्प

दिल्ली। मॉरीशस के राष्ट्रपति धरमबीर गोखूल ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देश के सर्वोच्च सम्मान ‘द ग्रैंड कमांडर ऑफ द ऑर्डर ऑफ द स्टार एंड की ऑफ द इंडियन ओशन’ से सम्मानित किया। यह प्रधानमंत्री मोदी को मिला 21वां अंतरराष्ट्रीय सम्मान है। पुरस्कार ग्रहण करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यह सम्मान केवल उनका नहीं बल्कि 1.4 अरब भारतीयों का सम्मान है। उन्होंने इस पुरस्कार को भारत से सदियों पहले मॉरीशस पहुंचे पूर्वजों और उनकी सभी पीढ़ियों को समर्पित किया।
भारत-मॉरीशस के ऐतिहासिक संबंधों को बताया गौरवशाली
प्रधानमंत्री मोदी ने मॉरीशस के राष्ट्रीय दिवस समारोह में अपने संबोधन के दौरान कहा कि यह पुरस्कार भारत और मॉरीशस के बीच के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक संबंधों का सम्मान है। उन्होंने आश्वासन दिया कि भारत-मॉरीशस रणनीतिक साझेदारी को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए हर संभव प्रयास जारी रहेगा। मॉरीशस के प्रधानमंत्री नवीन चंद्र रामगुलाम ने मंगलवार को एक सामुदायिक कार्यक्रम में इस सम्मान की घोषणा की थी। उन्होंने कहा था कि प्रधानमंत्री मोदी इस सम्मान के वास्तविक अधिकारी हैं।
राष्ट्रपति और उनकी पत्नी को मिला OCI कार्ड
इसी कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी ने मॉरीशस के राष्ट्रपति धरमबीर गोखूल और उनकी पत्नी मीना को 'ओवरसीज सिटिजन ऑफ इंडिया' (OCI) कार्ड प्रदान किया। यह कार्ड भारतीय मूल के विदेशी नागरिकों को भारत में वीजा-मुक्त यात्रा की सुविधा देता है।