मेडागास्कर का संसदीय शिष्टमंडल भारत यात्रा पर, लोकसभा अध्यक्ष ने किया स्वागत

दिल्ली। मेडागास्कर की नेशनल असेंबली (राष्ट्रीय संसद) के अध्यक्ष जस्टिन टोकेली के नेतृत्व में एक संसदीय शिष्टमंडल भारत की यात्रा पर आया है। बुधवार को शिष्टमंडल ने भारत की संसद की कार्यप्रणाली और कार्य-काज के तरीकों की जानकारी ली और दोनों सदनों में चल रही बजट सत्र की कार्यवाही का अवलोकन किया। लोकसभा में कार्यवाही शुरू होते ही अध्यक्ष ओम बिरला ने सदन को जानकारी दी कि मेडागास्कर का संसदीय शिष्टमंडल विशिष्ट दीर्घा में मौजूद है। उन्होंने कहा,
"हमारे सदन की विशिष्ट दीर्घा में मेडागास्कर की नेशनल असेंबली के अध्यक्ष जस्टिन टोकेली के नेतृत्व में संसदीय शिष्टमंडल उपस्थित है।" इस दौरान मेडागास्कर के प्रतिनिधियों ने भारत की संसदीय प्रणाली को नजदीक से देखा और इसके कार्यों को समझने का प्रयास किया। इस यात्रा का उद्देश्य भारत और मेडागास्कर के बीच संसदीय और कूटनीतिक संबंधों को और मजबूत करना है।