झारखंड: त्योहारों से पहले मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने की कानून-व्यवस्था पर हाई लेवल मीटिंग, पुलिस को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश

रांची। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बुधवार को झारखंड मंत्रालय में कानून-व्यवस्था को लेकर हाई लेवल बैठक की। खासकर होली, सरहुल, ईद और रामनवमी जैसे आगामी त्योहारों को ध्यान में रखते हुए राज्य की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई। इस दौरान मुख्यमंत्री ने पुलिस और प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना या सांप्रदायिक तनाव उत्पन्न न हो।
पुलिस को सतर्कता बढ़ाने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि राज्य में त्योहारों के दौरान अपराधमुक्त और शांतिपूर्ण वातावरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि संवेदनशील इलाकों में विशेष सतर्कता बरती जाए और शांति समितियों के साथ निरंतर बैठकें की जाएं।
शरारती तत्वों पर होगी सख्त कार्रवाई
बैठक में मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि भीड़-भाड़ वाले स्थानों और धार्मिक स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाए। अगर कोई शरारती तत्व माहौल बिगाड़ने की कोशिश करता है, तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए।
सोशल मीडिया पर होगी कड़ी निगरानी
त्योहारों के दौरान सोशल मीडिया पर कड़ी निगरानी रखने के भी निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि अफवाह फैलाने वालों और भड़काऊ पोस्ट डालने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
त्योहारों के लिए सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण निर्देश
- संवेदनशील क्षेत्रों में दंडाधिकारी और सुरक्षा बलों की प्रतिनियुक्ति की जाए।
- धार्मिक स्थलों और जुलूस मार्गों पर सीसीटीवी कैमरे और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की व्यवस्था हो।
- जुलूस मार्गों का भौतिक सत्यापन किया जाए और संवेदनशील इलाकों में ड्रोन से निगरानी रखी जाए।
- डीजे और अन्य साउंड सिस्टम पर उत्तेजक और भड़काऊ गानों के प्रसारण पर रोक लगाई जाए।
- अवैध शराब और मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए छापेमारी अभियान चलाया जाए।
- आपातकालीन चिकित्सा सुविधा की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
- पुलिस बलों के लिए भोजन, पानी और ठहरने की उचित व्यवस्था की जाए।
बैठक में शामिल अधिकारी
इस हाई लेवल बैठक में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के साथ मुख्य सचिव अलका तिवारी, अपर मुख्य सचिव अविनाश कुमार, गृह विभाग की प्रधान सचिव वंदना दादेल, डीजीपी अनुराग गुप्ता, पुलिस महानिरीक्षक (विशेष शाखा) प्रभात कुमार, पुलिस महानिरीक्षक (अभियान) एवी होमकर, पुलिस महानिरीक्षक (अपराध अनुसंधान विभाग) असीम विक्रांत मिंज, पुलिस महानिरीक्षक (मुख्यालय) मनोज कौशिक समेत अन्य वरीय पुलिस अधिकारी शामिल थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड में सभी पर्व-त्योहार प्रेम, सौहार्द्र और शांति के साथ मनाए जाने चाहिए। पुलिस प्रशासन को इस दिशा में पूरी तैयारी करनी होगी ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके।