गिरिडीह: पिता ने तीन बच्चों की हत्या कर खुद की जान दी, गांव में मातम

गिरिडीह। गिरिडीह जिले के खुखरा थाना क्षेत्र के महेशलिट्टी गांव में रविवार सुबह दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। एक ही घर से चार लोगों के शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि 36 वर्षीय सनाउल अंसारी ने अपने तीन मासूम बच्चों की गला दबाकर हत्या कर दी और फिर खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
चार शव मिलने से गांव में फैली सनसनी
मृतकों में पिता सनाउल अंसारी के अलावा उनकी दो बेटियां और एक बेटा शामिल हैं। बच्चों की पहचान आफरीन (12), जेबा नाज (6) और सफाउल (8) के रूप में हुई है। पिता का शव फंदे से लटका मिला, जबकि बच्चों के शव कमरे में पड़े थे। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए। स्थानीय लोगों ने इस हृदयविदारक घटना पर गहरा दुख जताया। गांव में मातम पसरा हुआ है और लोग इस घटना के पीछे की वजह को लेकर स्तब्ध हैं।
घर में ही चलाता था राशन और कपड़े की दुकान
जानकारी के अनुसार, सनाउल अंसारी पेशे से राजमिस्त्री था और साथ ही अपने घर में राशन और कपड़ों की दुकान भी चलाता था। उसकी पत्नी शनिवार को अपने मायके इलाज कराने गई थी, जिससे घर में सिर्फ पिता और बच्चे ही मौजूद थे। माना जा रहा है कि इसी दौरान सनाउल ने यह खौफनाक कदम उठाया।
सेहरी के दौरान हुआ खुलासा
रमजान के महीने में रोजेदार सुबह जल्दी उठकर सेहरी करते हैं। रविवार सुबह जब गांव के लोग सेहरी के लिए उठे और सनाउल को जगाने पहुंचे, तब घर के अंदर का मंजर देखकर सन्न रह गए। चार लोगों की लाशें देखकर गांव में हड़कंप मच गया।
आत्महत्या की वजह पर सवाल, पुलिस कर रही जांच
फिलहाल पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि यह साफ नहीं हो पाया है कि सनाउल ने ऐसा खौफनाक कदम क्यों उठाया। क्या आर्थिक तंगी या कोई पारिवारिक विवाद इसकी वजह थी, इस पर भी जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों ने बताया कि शनिवार रात करीब 10 बजे तक गांव में चहल-पहल थी, लेकिन उसके कुछ घंटों के भीतर ही यह घटना घटी होगी। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और यह जानने की कोशिश कर रही है कि आखिर ऐसी कौन-सी परिस्थितियां थीं, जिसने सनाउल को इतना बड़ा कदम उठाने पर मजबूर कर दिया।
गांव में गमगीन माहौल, हर आंख नम
इस घटना से पूरे गांव में मातम पसर गया है। परिवार के करीबी और गांव के लोग इस त्रासदी को लेकर स्तब्ध हैं। मृतक की पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रशासन ने परिवार को हरसंभव मदद देने का आश्वासन दिया है। पुलिस जल्द ही इस मामले का खुलासा करने की बात कह रही है।