राजधानी। रांची समेत राज्य के अधिकांश जिले लू और तेज तापमान की चपेट में हैं। मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, झारखंड के 24 में से 21 जिलों में गुरुवार को अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे ऊपर दर्ज किया गया। लगातार शुष्क और साफ मौसम के चलते लोगों को भीषण गर्मी और उमस का सामना करना पड़ रहा है।गुरुवार को आसमान पूरी तरह साफ और मौसम बेहद शुष्क रहा, जिससे धूप और गर्मी की तीव्रता और भी अधिक महसूस की गई। गर्म हवाओं और तेज धूप के बीच आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। गिरिडीह में गर्मी से राहत पाने के लिए कौए तक पानी में नहाते नजर आए।
43 डिग्री तक पहुंचा पारा
राज्य के कई जिलों में पारा 42 से 43 डिग्री तक पहुंच गया है। जारी रिपोर्ट के अनुसार, देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़, साहिबगंज, कोडरमा, चतरा, गढ़वा, लातेहार, लोहरदगा, पलामू, बोकारो, रामगढ़, हजारीबाग, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला, पश्चिमी सिंहभूम और सिमडेगा में पारा 40 डिग्री या उससे ऊपर दर्ज किया गया।पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला और पश्चिमी सिंहभूम में तापमान 43 डिग्री तक पहुंच गया, वहीं सिमडेगा और पलामू जैसे जिलों में पारा 42 डिग्री सेल्सियस रहा।
स्कूलों के समय में बदलाव
गर्मी को देखते हुए शिक्षा विभाग ने स्कूलों के समय में तत्काल प्रभाव से बदलाव किया है। 26 अप्रैल से केजी से कक्षा 8 तक के छात्रों की पढ़ाई सुबह 7 बजे से 11:30 बजे तक चलेगी, जबकि कक्षा 9 से 12 तक की कक्षाएं सुबह 7 बजे से 12 बजे तक संचालित की जाएंगी। यह आदेश राज्य के सभी सरकारी, गैर सरकारी सहायता प्राप्त/गैर सहायता प्राप्त, अल्पसंख्यक और निजी स्कूलों पर लागू रहेगा।जमशेदपुर में चिलचिलाती धूप के बीच स्कूल से लौटते बच्चों की तस्वीरें इस भीषण गर्मी की स्थिति को साफ दर्शाती हैं।मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनों तक तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। इसके बाद चार दिनों के भीतर तापमान में 3 से 6 डिग्री की गिरावट हो सकती है। यानी आने वाले सप्ताह के अंत तक थोड़ी राहत की उम्मीद है।
26 से 28 अप्रैल तक बारिश की संभावना
गर्मी के इस दौर में हल्की राहत की खबर भी सामने आई है। 26 अप्रैल को देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़, साहिबगंज और दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में कहीं-कहीं गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है।27 अप्रैल को पलामू, गढ़वा, चतरा, कोडरमा, लातेहार और लोहरदगा को छोड़कर अन्य जिलों में भी बारिश हो सकती है। वहीं, 28 अप्रैल को राज्य के अधिकतर हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की प्रबल संभावना है।
गर्मी से निपटने की अपील
प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से दिन के समय धूप में बाहर न निकलने, हल्के कपड़े पहनने, भरपूर पानी पीने और विशेष रूप से बच्चों व बुजुर्गों का ध्यान रखने की अपील की है। साथ ही स्कूल प्रशासन को भी बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।झारखंड में गर्मी अभी और कहर बरपा सकती है, इसलिए सतर्कता और सावधानी ही इस समय सबसे जरूरी है