महिला दिवस पर झारखंड की 38 लाख महिलाओं को सीएम हेमंत सोरेन की बड़ी सौगात

रांची। झारखंड सरकार ने मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत लाभुकों के बैंक खातों में राशि भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। शनिवार से लगभग 38 लाख महिलाओं को तीन माह (जनवरी-मार्च) की सम्मान राशि 7500 रुपये प्रति लाभुक के हिसाब से दी जाएगी। इस योजना के लिए सरकार द्वारा 2850 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
राशि ट्रांसफर की प्रक्रिया शुरू
समाज कल्याण विभाग ने पूरी तैयारी कर ली है और राशि निकासी के लिए शुक्रवार को ट्रेजरी को बिल भेज दिया गया था। राज्य सरकार ने इससे पहले छह जनवरी को दिसंबर तक की राशि जारी की थी। सरकार के निर्देशानुसार, केवल उन्हीं लाभुकों को राशि मिलेगी जिनके बैंक खाते आधार से लिंक हैं। फिलहाल, ऐसे लाभुकों की संख्या 38 लाख बताई जा रही है। जिनके खाते अभी आधार से लिंक नहीं हैं, वे पहले चरण में इस लाभ से वंचित रहेंगे।
पिछली किस्तों में लाखों महिलाओं को मिला लाभ
मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना की शुरुआत अगस्त 2024 में की गई थी। योजना के पहले चरण में 41 लाख महिलाओं को सम्मान राशि दी गई थी, जबकि दूसरी किस्त में 56.61 लाख महिलाओं को भुगतान किया गया था। अब 38 लाख महिलाओं को एक साथ तीन माह की राशि दी जा रही है।
18.61 लाख लाभुकों का भुगतान सत्यापन के बाद होगा
राज्य के 18.61 लाख लाभुकों का भुगतान अभी होल्ड पर रखा गया है। जिलों को लाभुकों का सत्यापन करने का निर्देश दिया गया है। जिनका आधार बैंक खाते से लिंक नहीं है, उनकी राशि सत्यापन के बाद ट्रांसफर की जाएगी। सरकार के अनुसार, फाइनल संख्या सत्यापन के बाद जारी की जाएगी, ताकि यह पता चल सके कि इनमें से कितने आवेदन सही और कितने फर्जी हैं।
योजना से महिलाओं को आर्थिक संबल
मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत दी जा रही आर्थिक सहायता से राज्य की लाखों महिलाओं को आर्थिक मजबूती मिलेगी। इस योजना का उद्देश्य गरीब और वंचित तबके की महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। सरकार की ओर से लगातार महिलाओं के बैंक खातों में पैसा भेजने की प्रक्रिया जारी है और आने वाले समय में सभी योग्य लाभुकों को योजना का लाभ दिलाने के लिए आधार लिंकिंग और सत्यापन की प्रक्रिया तेज की जाएगी।