औरंगाबाद: NH-19 पर ऑटो पलटा, 9 लोग घायल

औरंगाबाद। औरंगाबाद के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में मंगलवार को एनएच-19 पर एक बड़ा हादसा होने से टल गया। कनबेहरी गांव के पास एक ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे ऑटो चालक समेत 9 लोग घायल हो गए। हादसे में नवीनगर प्रखंड के माली थाना क्षेत्र के चूल्हन राम और सुकुल राम घायल हुए हैं। वहीं, झरहा गांव की बिगनी देवी, ममता देवी, शंकर राम और अमला देवी भी चोटिल हुए हैं। भरथउल गांव के मैनेजर पासवान उर्फ पीटर पासवान और उनकी पत्नी मोतिराजो देवी भी इस दुर्घटना का शिकार हुईं।
तेज रफ्तार बाइक बनी हादसे की वजह
घायल चूल्हन राम ने बताया कि कुछ दिन पहले सभी ने निशुल्क आंखों की जांच करवाई थी, जिसके बाद डॉक्टरों ने ऑपरेशन के लिए बोधगया बुलाया था। सभी लोग ऑटो से बोधगया जा रहे थे। इसी दौरान अचानक एक तेज रफ्तार बाइक ऑटो के सामने आ गई। बाइक को बचाने के प्रयास में ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया।
स्थानीय लोगों ने पहुंचाई मदद
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने सभी घायलों को सदर अस्पताल पहुंचाया और पुलिस एवं परिजनों को सूचना दी। गनीमत रही कि ऑटो जिस लेन में पलटा, वहां कोई दूसरा वाहन नहीं था, जिससे बड़ा हादसा होने से बच गया। फिलहाल, सभी घायलों का सदर अस्पताल में इलाज जारी है।