सरायकेला-खरसावां: घरेलू विवाद में पति ने पत्नी और बेटे की तवे से पीटकर हत्या

सरायकेला। सरायकेला-खरसावां जिले में घरेलू विवाद के चलते एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। कपाली ओपी क्षेत्र के तमोलिया में सोमवार सुबह एक पति ने अपनी पत्नी और 5 साल के बेटे की लोहे के तवे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। मृतकों की पहचान 35 वर्षीय पार्वती मुंडा और उनके बेटे गणेश मुंडा के रूप में हुई है।
अक्सर होता था विवाद, दोनों थे शराब के आदी
जानकारी के मुताबिक, पति-पत्नी के बीच अक्सर झगड़े होते थे और दोनों शराब के आदी भी थे। सोमवार तड़के किसी बात को लेकर दोनों के बीच फिर से विवाद हुआ। गुस्से में आकर पति सुकराम मुंडा ने लोहे के तवे से पत्नी और बेटे पर हमला कर दिया। हमले में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
आरोपी पति गिरफ्तार, पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही कपाली ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी पति सुकराम मुंडा को गिरफ्तार कर लिया। दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक परिवार मूल रूप से सरायकेला-खरसावां जिले के रड़गांव का रहने वाला था। पुलिस हत्या के पीछे के कारणों की विस्तृत जांच कर रही है। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। स्थानीय लोग इस निर्मम हत्या से सदमे में हैं। पुलिस मामले की तहकीकात में जुटी है।