जमशेदपुर: होली की खरीदारी जोरों पर, बुलडोजर बाबा थीम पिचकारी बनी आकर्षण

जमशेदपुर। जमशेदपुर में होली की धूम शुरू हो गई है। बाजारों में रंग, अबीर और पिचकारियों की खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ उमड़ रही है। इस बार होली के बाजार में सबसे ज्यादा चर्चा "बुलडोजर बाबा" थीम वाली पिचकारी की हो रही है, जिसे लोग खासतौर पर पसंद कर रहे हैं। दुकानों में बच्चों के लिए डोरेमोन और पुष्पा की कुल्हाड़ी थीम वाली पिचकारियां भी लोगों को खूब लुभा रही हैं। वहीं, इस बार हर्बल रंग और अबीर की मांग में भी भारी वृद्धि देखी जा रही है। दुकानदारों के मुताबिक, लोग रासायनिक रंगों की बजाय प्राकृतिक रंगों को प्राथमिकता दे रहे हैं, जिससे सेहत को कोई नुकसान न हो।
महंगाई के बावजूद खरीदारी में कोई कमी नहीं
बाजार में रंग-बिरंगी पिचकारियों और अबीर से सजे स्टॉल्स की रौनक देखते ही बन रही है। महंगाई के बावजूद होली के उत्साह में कोई कमी नहीं दिख रही। दुकानदारों का कहना है कि ग्राहक बिना किसी हिचक के खरीदारी कर रहे हैं। एक कॉलेज छात्रा ने बताया कि होली भाईचारे और हर्ष-उल्लास का त्योहार है, जिसे सभी मिलकर मनाते हैं। पूरे शहर में होली की मस्ती का माहौल है और लोग इस रंगीन पर्व का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।