चाईबासा: सारंडा जंगल में नक्सलियों के खिलाफ सुरक्षाबलों का एक्शन जारी, पांच भूमिगत बंकर ध्वस्त

चाईबासा (पश्चिमी सिंहभूम)। जिले के कोल्हान, सारंडा और पोड़ाहाट जंगल क्षेत्रों में नक्सलियों के खिलाफ सुरक्षाबलों की कार्रवाई लगातार जारी है। गुरुवार को जराईकेला थाना क्षेत्र के वनग्राम कुलपाबुरू के आसपास के पहाड़ी एवं जंगली इलाकों में नक्सलियों के पांच भूमिगत बंकरों को ध्वस्त किया गया। यह कार्रवाई चाईबासा पुलिस, कोबरा बटालियन, झारखंड जगुआर और सीआरपीएफ की विभिन्न बटालियनों की संयुक्त टीम द्वारा चलाए जा रहे विशेष सर्च ऑपरेशन के तहत की गई।
नक्सलियों के मंसूबों पर पानी फेर रही पुलिस
पश्चिमी सिंहभूम के एसपी आशुतोष शेखर ने बताया कि प्रतिबंधित संगठन भाकपा (माओवादी) के शीर्ष नेता — मिसिर बेसरा, अनमोल, मोछु, अनल, असीम मंडल और अजय महतो — अपने दस्ते के साथ सारंडा व कोल्हान क्षेत्र में विध्वंसक गतिविधियों को अंजाम देने की फिराक में हैं। इन खतरनाक माओवादियों की गतिविधियों पर लगाम कसने और जंगल में उनके छिपने के ठिकानों को नष्ट करने के लिए एक संगठित व सतत अभियान चलाया जा रहा है।
लगातार चल रहा है सघन तलाशी अभियान
पुलिस सूत्रों के अनुसार, जंगल के अंदर नक्सलियों द्वारा बनाए गए डंप व बंकरों में हथियार, विस्फोटक सामग्री और दैनिक उपयोग की वस्तुएं रखी जाती हैं, जिनका इस्तेमाल वे सुरक्षाबलों पर हमले और विध्वंसक कार्यों के लिए करते हैं। सुरक्षाबल इन संसाधनों को लगातार बरामद कर नष्ट कर रहे हैं, जिससे नक्सलियों की गतिविधियों को गंभीर झटका लगा है। एसपी ने यह भी कहा कि आने वाले दिनों में अभियान और अधिक तेज़ किया जाएगा और माओवादी तत्वों की हर गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जा रही है।